
कोंच-उरई । पालिका के इतिहास में शायद यह पहली बार है जब पालिका प्रशासन ने कस्बे के नागरिकों को पूरी तबज्जो दी है और उनके सुझाावों पर विचार करने का मन बनाया है। पालिका चेयरपर्सन डॉ. सरिता वर्मा ने कार्यालय के बाहर एक सुझाव/ शिकायत पेटिका टंगवाई है जिसकी आज से शुरुआत कर दी गई है। इस अवसर पर चेयरपर्सन ने कहा है कि नगर को सर्वांगीण सुंदर और स्वच्छ बनाने में नागरिकों से अच्छे सुझाव और कोई नहीं दे सकता है लिहाजा पालिका ने इस तरह की नई शुरुआत की है ताकि लोग अपने अमूल्य सुझाव इस पेटिका में डाल सकें।
कोंच नगर पालिका का इतिहास डेढ सौ साल पुराना है और चालीस के दशक से यहां चेयरमैन बैठते रहे हैं जिन्होंने नगर विकास के लिये तमाम महत्वपूर्ण कार्य उपलब्ध संसाधनों के आधार पर कराये हैं, लेकिन पालिका के इतिहास में संभवत: यह पहली बार है जब किसी अध्यक्ष ने खुले तौर पर आम नागरिकों के सुझाावों को तबज्जो देने की शुरुआत की है। पालिका कार्यालय में टंगवाई गई सुझाव/ शिकायत पेटिका को बहुआयामी बनाने की कोशिश चेयरपर्सन की है। उन्होंने कहा है कि नगर में पच्चीस वार्ड हैं और हर वार्ड की अपनी अलग अलग समस्यायें हैं जिन्हें लेकर नागरिकों को एक मंच देने का प्रयास पालिका करने जा रही है। जो भी सुझाव मिलेंगे उनका परीक्षण करके बोर्ड बैठक में उनको पास कराने का प्रयास किया जायेगा। इस तरह से नगर विकास में नागरिकों की सीधी सहभागिता सुनिश्चित हो सकेगी। इस पेटिका को प्रतिदिन वह अपने ही समक्ष खुलवायेगीं और गुणदोष के आधार पर उनका निस्तारण भी किया जायेगा। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष प्रभुदयाल गौतम, अरविंद दीक्षित, सेनेट्री इंसपेक्टर अभयसिंह, जेई सतीश कमल, जीवन बाल्मीकि, चंद्रप्रकाश गुप्ता, विजय अवस्थी, आकाश अग्रवाल, अभिषेक सर्राफ आदि मौजूद रहे।







Leave a comment