कानपुर देहात की सिकन्दरा विधानसभा सीट पर भाजपा ने फिर कब्जा कर लिया है। 73284 वोट लेकर भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल ने सपा की सीमा सचान को 11861 वोटों से पराजित कर दिया। सीमा सचान को कुल 61423 वोट मिले। कांग्रेस के प्रभाकर पांडेय को सिर्फ 19084 वोट मिल पाए, वह तीसरे स्थान पर रहे। यह सीट भाजपा के मथुरा पाल के निधन पर खाली हुई थी, भाजपा ने उन्हीं के बेटे अजीत पाल को टिकट दिया था।
गिनती में गड़बड़ी का आरोप, सपा ने मचाया हंगामा
गिनती में गड़बड़ी का आरोप लगा पूर्व सांसद व सपा प्रत्याशी सीमा सचान के पति राकेश सचान व सपा जिलाध्यक्ष समरथ पाल ने रोकी प्रेक्षक की कार। सड़क पर बैठे। सपा प्रत्याशी सीमा सचान ने ईवीएम की सील टूटी होने और कांग्रेस प्रत्याशी प्रभाकर पांडेय ने ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप लगाए। एक बार स्थिति ऐसी आयी कि भाजपा को छोड़ सारे प्रत्याशियों ने मतगणना का बहिष्कार कर दिया। मतगणना केन्द्र के बाहर सपा और भाजपा समर्थकों के बीच जवाबी नारेबाजी हुई।
भाजपा ने दिवंगत विधायक के बेटे को टिकट दे फेंका था सहानुभूति का पत्ता
इससे पहले सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। कोहरे और कड़ाके की ठंड के बावजूद 53 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। आम चुनाव में इस सीट पर 60 फीसद से अधिक वोट पड़े थे। मतदान के दौरान कहीं भी हंगामे या गड़बड़ी की शिकायत सामने नहीं आई। दो बूथों पर ईवीएम में तकनीकी दिक्कत से जरूर 10 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा। प्रशासन ने तुरंत ईवीएम दुरुस्त करा मतदान शुरू कराया। इस साल फरवरी में हुए विधासभा चुनाव में सिकंदरा से बीजेपी के मथुरा पाल विजयी हुए थे। उनके असामयिक निधन के बाद यह सीट रिक्त चल रही थी। भाजपा ने उनके ही बेटे अजीत पाल को मैदान में उतारा है।






Leave a comment