
उरई । भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी ने गुजरात में देश की सेकुलर राजनीति को नुकसान पहुँचाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की निंदा की है हालांकि इसके बावजूद पार्टी ने भाजपा से मुकाबले के लिए वृहत्तर मोर्चे की पेशकश की जिसमें कांग्रेस को भी स्थान देने के संकेत दिये हैं ।
भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी के 2 दिन के जिला सम्मेलन के बाद शहीद भगत सिंह डिग्री कालेज में पत्रकार वार्ता आयोजित कर सी पी आई के राज्य सचिव कामरेड गिरीश शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी को गुजरात में मंदिरों के दर्शन और अपने यज्ञोपवीत के बखान के चोंचलों में नहीं पड़ना चाहिये था । धर्म की राजनीति भाजपा करती है । सेकुलर दल जिसमें कांग्रेस भी है राजनीति में धर्म को न घुसड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं । राहुल गांधी ने इस लक्ष्मण रेखा को लांघ कर सेकुलर राजनीति की प्रमाणिकता को को कमजोर किया है । वे कोई चाय वाले नहीं हैं, मोतीलाल नेहरू के समय से लोग उनकी वंशावली जानते हैं । उन्हे अपने ब्राह्मण और हिन्दू होने का ढिंढोरा पीटने की क्या पड़ी थी ।
कामरेड गिरीश शर्मा ने कहा कि गुजरात में भाजपा की सीटें घटी हैं । उत्तर प्रदेश में नगर पालिका अध्यक्ष पद के भाजपा के 243 प्रत्याशियों की जमानतें जब्त हो गयीं । लोगों का भाजपा से मोहभंग हो रहा है । मोदी अपराजेय नहीं हैं । 2019 के चुनाव में उन्हे शिकस्त दी जा सकती है । इसके लिए सभी वामपंथी और बुर्जुआ धर्म निरपेक्ष दलों का एक महागठबंधन बनाने की जरूरत है ।
नई जिला कार्यकारिणी
कामरेड गिरीश शर्मा ने बताया कि जिला अधिवेशन में पार्टी की नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया है जिसमें राजेन्द्र सिंह एडवोकेट सचिव , प्रभूदयाल और विजय सिंह राठौर संगठन सचिव और देवेश चौरसिया कोषाध्यक्ष बनाये गए । कैलाश पाठक , सुधीर अवस्थी , नूर अफसर टिल्लू , विनय पाठक और रक्षा अवस्थी आदि कार्यकारिणी में रहेंगे ।






Leave a comment