उरई। कुठौंद में सपा की ब्लाक प्रमुख के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव मंगलवार को मत विभाजन के बाद पारित हो गया। मत विभाजन जालौन के उपजिलाधिकारी भैरपाल सिंह की देखरेख में हुआ। ब्लाक प्रमुख पुष्पा देवी पत्नी श्याम यादव ने मतदान का बहिष्कार किया था। उनके खिलाफ अविश्वास पेश करने वाली भाजपा नेता राजू यादव शहजादपुरा की पत्नी नीलम के पक्ष में 69 सदस्यीय क्षेत्र पंचायत ने 37 मत पड़े। जबकि दो मत अवैध हो जाने के कारण निरस्त कर दिये गये।
कुठौंद में ब्लाक प्रमुख के अविश्वास प्रस्ताव को लेकर मंगलवार को घमासान की स्थिति रही। सपा शासन में पार्टी के नेता श्याम यादव की पत्नी पुष्पा यादव ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हुईं थीं। प्रदेश में निजाम बदलने के बाद उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी शुरू हो गई। क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन की प्रतिष्ठा इसमें दांव पर लगी हुई थी।
इसे लेकर कई दिनों से क्षेत्र में जबर्दस्त तनातनी का माहौल था। सोमवार को नीलम यादव के समर्थक महेबा के पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेश भिटारी को पुलिस ने थाने के अंदर दोनों पक्षों में हुए झगड़े के बाद जेल भेज दिया था। इसके साथ ही सिरसाकलार थाने में निवर्तमान ब्लाक प्रमुख पुष्पा यादव के पति श्याम यादव, विमल यादव सहित आठ लोगों के खिलाफ नामजद और 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। इस वजह से आज सीधे टकराव की नौबत टल गई। पुलिस में इकतरफा मुकदमा कायम होने की वजह से ही सपा पक्ष ने आज मतदान का बहिष्कार कर दिया।

Leave a comment