उरई। आखिर उरई जालौन सड़क का भव-प्रतीक्षित निर्माण मंगलवार से शुरू हो गया। इस सड़क की स्थिति बेहद दुरूह होने से सारा जिला परेशान था।
223 करोड़ रुपये की लागत से उरई से जालौन तक फोरलेन सड़क के निर्माण की मंजूरी अखिलेश सरकार ने दी थी। जिसके लिए तत्कालीन सरकार ने काम भी शुरू करा दिया था। नतीजतन कंस्ट्रक्शन कंपनी ने नये सिरे से सड़क निर्माण के लिए पुरानी सड़क पूरी तरह खोद डाली थी।
इस सड़क पर विधान सभा चुनाव तक कार्य हुआ। जिसमें उरई से कुकरगांव तक एक लेन तैयार हो गई थी। लेकिन चुनाव में अखिलेश सरकार का पतन होते ही अन्य सड़कों की तरह इस सड़क का निर्माण भी ठप्प हो गया। जिससे पिछले करीब 10 महीने से इस मार्ग पर आवागमन करने वालों को नारकीय हालातों का सामना करना पड़ रहा था। आने वाले लोकसभा चुनाव के दृष्टिकोण से यह स्थिति सत्तारूढ़ पार्टी को बेहद भारी पड़ने वाली थी। जिले के विधायकों ने भी इस स्थिति से सरकार को अवगत करा दिया था।
अंततोगत्वा हाल ही में सरकार ने पांच करोड़ रुपये का बजट निर्गत कर कंस्ट्रक्शन कंपनी को इस सड़क के लिए तेजी से फिर निर्माण शुरू करने की हरी झंडी दे दी। कंस्ट्रक्शन कंपनी के मैनेजर के अनुसार वे मार्च तक इस मार्ग पर उरई से जालौन तक एक लेन कंपलीट कर देगें। सड़क निर्माण शुरू हो जाने से लोगों में हर्ष व्याप्त हो गया है।

Leave a comment