उरई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने झांसी जाते हुए लगभग एक घंटे रुककर स्टेशन रोड स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा के चुनिंदा पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों से भेंट की और उन्हें लोक सभा चुनाव की तैयारियों के लिए टिप्स दिये।
पुरानों को तरजीह
सुनील बंसल ने पार्टी के जिम्मेदारों को स्पष्ट किया कि वे लोग सत्ता के आकर्षण में पार्टी में आये नवागंतुकों पर रीझने की बजाय पुराने लोगों को तरजीह दें जिन्होंने गर्दिश के दिनों में पार्टी के लिए अपमान झेला है।
दूसरी पार्टियों का जनाधार समेटें
सुनील बंसल ने कहा कि सपा और बसपा जैसी पार्टियों से जुड़े आम लोगों को जो कि वंचित तबके में आते हैं सुनियोजित ढंग से भाजपा के साथ जोड़ें। उनसे हमदर्दी बरते और उनके कार्य करें।
बजट पर करायें चर्चा
सुनील बंसल ने बताया कि 19 फरवरी को प्रदेश सरकार का बजट पेश होगा। इसके बाद संगठन के लोग पत्रकारों व अन्य लोगों के साथ बैठकें करें। जिसमें बजट की चर्चा की जाये। बजट के अच्छे पहलुओं की जानकारी वे हर गांव-गली तक पहुंचायें। उन्होंने कहा कि संगठन से ही सरकार बनती है। संगठन के विस्तार और मजबूती का कोई मौका न छोड़ें।
अधिकारियों से काम लेना सीखें
उन्होंने पार्टी के लोगों से कहा कि वे अधिकारियों के तबादले के चक्कर में पड़ने की बजाय उनसे काम लेना सीखें इससे फायदा होगा। भाजपा लंबे समय से सत्ता से बाहर थी। इसलिए अधिकारी जिनकी सत्ता थी उनसे चिपकते थे। लेकिन वे किसी के नही होते। आप के अंदर काम लेने की कला है तो वे आपका भी काम करेगें। उन्होंने कहा कि गत सरकारों में जिस अधिकारी की शिकायत की जाती थी घूमफिर कर उसी को अपनी जांच मिल जाती थी। यह ढर्रा अब बदल दिया गया है।
सहकारिता पर फोकस
सुनील बंसल ने कहा कि सहकारी संस्थाओं में सपा का कब्जा था लेकिन हमने यह स्थिति बदल डाली है। ज्यादातर सहकारी संस्थाओं में भाजपा को सफलता मिली है। उन्होंने इस बारे में जिले के दिग्गज कोआपरेटर और पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष उदय सिंह पिण्डारी से विशेष रूप से वार्ता की। रामलखन औदीच्य ने भी उन्हें सुझाव दिये। रामपुरा नगर पंचायत के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह के बारे में यह बताये जाने पर कि वे घर छोड़कर स्थाई रूप से नगर पंचायत कार्यालय में ही रह रहे हैं। बंसल बोले कि सामाजिक रचनात्मक कार्यों में रुचि लेने से ही पार्टी को आगे बढ़ाया जाना संभव होगा।
मायूस हुए बहुगुणा
अनिल बहुगुणा भी बैठक में भाग लेने पहुंचे थे। लेकिन उन्हें बैठक में प्रवेश नही दिया गया जिससे वे मायूस रहे। हालांकि यह बताया गया है कि पार्टी के अनुशासन के नाते उनसे तात्कालिक परहेज बरता जा रहा है। लेकिन आगे चलकर उन्हें पार्टी में पूरे महत्व के साथ समायोजित करने की मानसिकता उच्च नेतृत्व की है। इसके पहले कालपी रोड पर सुनील बंसल ने देवेंद्र यादव के यहां भोजन किया।

Leave a comment