उरई। समाजवादी पार्टी के ब्लाक प्रमुखों को अविश्वास प्रस्ताव के जरिए हटाने का भाजपा का अभियान जिले में जारी है। मंगलवार को कुठौंद की सपा ब्लाक प्रमुख पुष्पा देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो चुका है। इसी कड़ी में गुरुवार को कदौरा के सपा ब्लाक प्रमुख विजय कुशवाहा के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव पर मत विभाजन कराया जाना है। इसके पहले दोनों ही पक्षों में जारी उठापटक चरम पर पहुंच गई है। जिसमें सबसे सनसनी खेज मोड़ आज आया जब एक क्षेत्र पंचायत सदस्य की पत्नी ने उन्हें अगवा किये जाने की तहरीर ब्लाक प्रमुख और उनके साथी को नामजद करते हुए थाने में दे दी।
ताहरपुर के क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह की पत्नी रीना ने कदौरा थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि ब्लाक प्रमुख विजय सिंह और उनके साथी बब्लू कुशवाहा ने उनके पति को अगवा कर लिया है और बंधक बनाकर कहीं रखे हुए हैं। थानाध्यक्ष अशोक कुमार उपाध्याय ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि तहरीर मिल गई है लेकिन अभियोग कायम नही किया गया है। राजेंद्र सिंह की तलाश की जा रही है जिसके लिए आरोपियों सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की गई है।






Leave a comment