उरई। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जोश में होश खो बैठे। कुठौंद में सपा ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास करा लेने के बाद जश्न मनाते उनका वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें अंधाधुध फायरिंग करते पार्टी के लोग दिखाई दे रहे हैं। सबसे बढ़चढ़ कर फायरिंग करने वाले कार्यकर्ता का नाम कृष्णपाल सिंह भदौरिया बताया गया है।
भाजपा अनुशासित और मर्यादित पार्टी होने का दम भरती है। लेकिन पूर्व की सत्तारूढ़ पार्टियों की तरह ही उसके कार्यकर्ताओं का चरित्र भी अलग नही है। यह दिखा दिया भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कुठौंद में जब सपा की ब्लाक प्रमुख पुष्पा देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास होने के बाद जय श्रीराम के नारे लगाते हुए उन्होंने सरेबाजार फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर दहशत के मारे लोगों में भगदड़ मच गई।
इसका वीडियो वायरल होने से प्रशासन धर्म संकट में आ गया है। जनपद भर में निषेद्याज्ञा लागू होने से सार्वजनिक स्थल पर फायरिंग तो दूर आग्नेयास्त्र लेकर चलने तक की इजाजत किसी को नही है। जाहिर है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर फायरिंग का जौहर दिखाकर निषेद्याज्ञा की धज्जियां उड़ा दीं। पुलिस के उच्चाधिकारियों ने जालौन पुलिस को उक्त वीडियो पर कार्रवाई के लिए टवीट किया है। लेकिन क्या पुलिस सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ उनके दुस्साहस के खिलाफ एक्शन ले पायेगी।
इसी बीच खबर मिली है कि पुलिस ने इस मामले को स्वतः संज्ञान में लेते हुए निषेद्याज्ञा उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही कहा है कि घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उसके शस्त्र निरस्तीकरण की कार्रवाई की जायेगी।






Leave a comment