
रामपुरा-उरई।जनपद जालौन के बहु प्रसिद्ध पंचनद तीर्थ क्षेत्र में शिवरात्रि के पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान कर कालेश्वर मंदिर एवं बाबा साहब मंदिर पर पूजा अर्चना की।
जिला मुख्यालय उरई से 65 किलोमीटर दूर उत्तर पश्चिम में इटावा औरैया भिंड जनपद की सीमा से सटे पंचनद तीर्थ क्षेत्र में हजारों श्रद्धालुओं ने एकत्रित होकर स्नान किया एवं इटावा सीमा में प्रसिद्ध कालेश्वर मंदिर तथा जालौन की सीमा के बाबा साहब मंदिर में पूजा अर्चना पर अपने जीवन को धन्य किया। ज्ञात हो कि पंचनद पर पांच नदियों का संगम है जिसमें यमुना नदी में चंबल सिंधु कुंवारी पहूज नदियां आकर मिलती है। इस तीर्थ क्षेत्र का श्रीमद् देवी भागवत एवं शिव पुराण, स्कंद पुराण, ब्रह्मवैवर्तपुराण आदि अनेक धार्मिक ग्रंथों में वर्णन है। यहां कार्तिक की पूर्णमा पर बहु प्रसिद्ध विशाल मेला लगता है एवं लाखों की संख्या में यहां श्रद्धालु स्नान करते हैं। इस स्थान की प्रसिद्धि सुनकर गोस्वामी तुलसीदास जी अपने जीवन काल में तत्कालीन संत श्री श्री 1008 मुकुंदवन महाराज से मिलने के लिए पंचनद पर आए थे। संतों में शिरोमणि होने के कारण श्री मुकुंदवन महाराज को बाबा साहब की उपाधि से नवाजा गया। आज शिवरात्रि के अवसर पर जालौन औरैया इटावा भिंड जनपदों के हजारों श्रद्धालु श्री बाबा साहब मंदिर एवं कालेश्वर मंदिर पर पहुंचे इस अवसर पर रामपुरा थाना पुलिस तथा इटावा की बिठौली थाना पुलिस ने मुस्तैदी के साथ व्यवस्था बनाने में सहयोग किया ।






Leave a comment