उरई। ओरछा में चल रहे प्रदेश भाजपा के विस्तारक सम्मेलन के समापन के लिए झांसी जाते हुए उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पाण्डेय रात में लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह में रुके। गुरुवार को ओरछा के लिए प्रस्थान के समय उन्होंने कार्यकर्ताओं और पत्रकारों से बातचीत की। जिसमें उनके सामने पार्टी में चल रही गुटीय खींचतान का पिटारा खुल गया।
पूर्व जिलाध्यक्ष उदय सिंह पिण्डारी ने प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि पार्टी की सहमति से वे जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद के लिए तैयारी कर रहे हैं। लेकिन जिले के तीनों विधायक उनका रास्ता रोकने के लिए विरोधियों से जुड़े डेलीगेट निर्वाचित कराने में भूमिका अदा कर रहे हैं। जबकि उनके द्वारा खड़े किये जाने वाले डेलीगेटों को हरवा रहे हैं। पालिकाध्यक्ष पद पर पार्टी के प्रत्याशी रहे दिलीप दुबे ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में भी विधायकों ने ऐसी ही भूमिका अदा की थी। कई अन्य प्रमुख लोगोें ने भी उनके सामने पार्टी में चल रहे अंर्तद्वंद से जुड़ी शिकवा-शिकायतें रखी। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष ने किसी के खिलाफ कोई टिप्पणी नही की। उन्होंने अंसतुष्टों से कहा कि उनकी शिकायतों पर गौर किया जायेगा।
पत्रकारों से बातचीत में डा. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि संगठन में बुंदेलखंड की उपेक्षा का प्रश्न नही है। उन्होंने कहा कि एक महिला नेता को उन्होंने बुंदेलखंड से पदाधिकारी बनाया है। कुछ पद अभी और रिक्त हैं जिनमें बुंदेलखंड के प्रमुख नेता समायोजित किये जायेगें। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन के स्तर पर बुंदेलखंड के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
कुठौंद में सपा की ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद हर्षोन्माद में भाजपाइयों द्वारा फायरिंग कर कानून और मर्यादा को तोड़ने पर किये गये सवाल का जबाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नही है। वे जानकारी कर आवश्यक कार्रवाई करायेगें। स्थानीय निकाय चुनाव में विजयी पार्टी के बागियों के समायोजन से जुड़े सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने चुप्पी साध ली।
एसपी ने की मुलाकात
डा. महेंद्र नाथ पाण्डेय से मिलने के लिए जनपद के पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह भी निरीक्षण गृह पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष ने उनका परिचय लिया और जिले की कानून व्यवस्था के बारे में संक्षेप में चर्चा की।
संगठन के लोग रहे नदारत
भाजपा के जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल प्रदेश अध्यक्ष से मिलने पहुंचे लेकिन ज्यादातर अन्य पदाधिकारी जानकारी न हो पाने की वजह से नही पहुंच पाये। उनसे मुलाकात करने वालों में उदय पिण्डारी, पूर्व मंत्री हरीओम उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि देवेंद्र निरंजन, जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र सेंगर, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव, दिलीप दुबे, उर्विजा दीक्षित और शैलेश मिश्रा मुख्य रहे। नगर पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा ने भी उनसे मुलाकात की।

Leave a comment