उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र में ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग के पास खेत में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस काफी हद तक वास्तविकता के नजदीक पहुंच गई है। पुलिस द्वारा अभी खुलकर तो कुछ नही बताया जा रहा है लेकिन जानकार सूत्रों के अनुसार घटना प्रेम-प्रसंग के पीछे हत्या किये जाने की है जिसके पक्के सुबूत पुलिस के हाथ लग चुके हैं।
गौरतलब है कि गत दिनों कदौरा निवासी दीपेश साहू उर्फ राजा साहू (20वर्ष) का शव कुठौंदा बुजुर्ग के पास खेत में बरामद हुआ था। वह उरई में एक शादी में बुआ के साथ शामिल होने आया था और इसके बाद कार सहित गायब हो गया था। पहले उसकी कार घटना स्थल के पास मिली। इसके बाद शव बरामद हुआ। बुआ की ओर से इस मामले में उसके एक साथी को नामजद कराते हुए कई अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा और एसआई सोबरन सिंह यादव आदि की टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सिरसाकलार थाने के ग्राम रिनियां, शेखपुरा, गधेला, कुठौंदा तथा कस्बा कदौरा में दर्जनों स्थानों पर छापेमारी की। आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे कड़ाई से पूंछतांछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा के मुताबिक घटना में शामिल लोगों की पहचान के साथ संख्या की भी करीब-करीब पुष्टि हो गई है। जल्द ही मुख्यारोपी लोगों के समक्ष होगें।





Leave a comment