उरई। रामपुरा थाना क्षेत्र में पचनद के जंगल में शनिवार को दावानल भड़क उठा। इसमें दुर्लभ शीशम के सैकड़ों पेड़ आग की भेंट चढ़ गये। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं लेकिन जंगल के अंदर प्रवेश का रास्ता न होने से आग बुझाने का कार्य बाधित हो रहा है। अभी भी कई जगह लपटें उठती दिखाई दे रही हैं।
रामपुरा थाना क्षेत्र में जगम्मनपुर के निकट सूखी घास जलने से भड़की आग ने दावानल का रूप ले लिया। पचनद के जंगल में मुख्य रूप से शीशम के पेड़ों की भरमार है। इमारती कामों के लिए यह शीशम बहुत उम्दा मानी जाती है। सर्द मौसम होने के बावजूद आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और काफी बड़ा क्षेत्र अपने आगोश में ले लिया। अनुमान है कि इसके कारण पांच सैकड़ा से अधिक शीशम व अन्य पेड़ खाक हो गये हैं।
ग्रामीणों ने आग की सूचना जिले के अधिकारियों को दे दी थी। मौके पर रामपुरा के थानाध्यक्ष लाखन सिंह यादव और चैकी प्रभारी जगम्मनपुर रमेश चंद्र पाण्डेय पहुंच गये थे। जंगल के आसपास कई गांव होने से अग्निकांड के कारण लोगों में दहशत छाई रही। ग्रामीणों ने भी जंगल में घूम-घूम कर आग बुझाने की मशक्कत की। दमकल की गाड़ियां भी आग पर काबू पाने के लिए पहुंच गई थीं। लेकिन रास्ता न होने की वजह से उन्हें आग पर नियंत्रण में दुष्कर स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।





Leave a comment