उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र में बीमारी के दौरान नव विवाहिता की मौत के बाद मृतका के मायके वालों ने उसकी हत्या का आरोप ससुरालियों पर लगाया है। पुलिस ने इसके बाद मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कैंथ में रोशनी (25वर्ष) पत्नी धर्मेंद्र वर्मा लंबे समय से बीमार थी। उसका उपचार चल रहा था। रविवार को उसकी मौत हो गई। रोशनी का धर्मेंद्र से विवाह सिर्फ आठ माह पहले हुआ था। रोशनी के पिता पहाड़पुरा निवासी विश्वनाथ सिंह को जब उसकी मौत की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर दहेज के लिए अपनी पुत्री को मार डालने का आरोप ससुरालियों पर पर लगया। धर्मेंद्र की मां सुखदेवी का कैंसर के इलाज में भारी खर्चा हुआ लेकिन वह चल बसी। पांच माह पहले उसके बड़े भाई वीरेंद्र की भी बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मृतका के पिता के अनुसार कर्जे को चुकाने के लिए वह रोशनी पर मायके से पैसे की व्यवस्था करने का दबाव डाल रहा था जिसे रोशनी ने नही माना। इसलिए धर्मेंद्र ने उसकी हत्या कर दी।
उधर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विनोद मिश्रा का कहना है कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तांकि मौत के कारण का पता चल सके। मौत की पता चलने पर ही मृतका के पिता के आरोप की सत्यता की सही तरीके से जांच हो सकेगी।

Leave a comment