उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र में ग्राम माड़री के पास मिली सिर कटी लाश के मामले में पुलिस के हाथों अहम सुराग लगे हैं। इस बीच मृतक का सिर बरामद कर लिया गया है और उसकी शिनाख्त भी हो गई है।
शुक्रवार को माड़री के पास एक खेत में सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। मृतक अर्द्धनग्न अवस्था में था। उसके जले हुए कपड़ों के अवशेष पास में ही मिले थे। पुलिस अधीक्षक के अनुरोध पर डीआईजी झांसी ने श्वान दस्ता मौके पर छानबीन के लिए भेजा था। जिसकी मदद से पास में ही एक खेत में फसलों के बीच सिर बरामद हो गया। इसके अलावा एक सिम भी मिली जिसके सहारे पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर ली।
मृतक सलीम रेढ़र बंगरा का रहने वाला था 5 फरवरी को वह अपने गांव से जालौन आया था। 7 को वह जालौन के शाहगंज मोहल्ले में जिन लोगों के यहां रुका उनसे भी पुलिस ने पूंछतांछ की। इनमें से जाकिर मंसूरी ने बताया कि 8 फरवरी को वह मोटर साइकिल भेड़ जाने के लिए मांग रहा था। जहां से उसको 5 हजार रुपये मिलने थे। इसके बाद वह कहां गया यह पता नही चला। पुलिस ने एक संदिग्ध शमशेर मंसूरी को भी उसका हाथ चोटिल होने की वजह से हिरासत में ले रखा है।
जालौन पुलिस की मदद के लिए सर्विलांस टीम भी लगी है। सिम के आधार पर जिन लोगों से आखिरी समय सलीम की बात हुई थी उन सभी को पुलिस तलाश रही है अभी तक आधा दर्जन करीब लोग पुलिस के निशाने पर हैं। पुलिस के अनुसार मामला संभवतः आशनाई का है। पुलिस ने जल्द ही वास्तविक आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।

Leave a comment