उरई। तहसील समाधान दिवस पर की जाने वाली शिकायतों को सार्थक निस्तारण होना चाहिए जिससे लोग यह माने कि शिकायतों पर बाजिब कार्रवाई होती है।
जालौन के तहसील सभागार में जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में समग्र समाधान दिवस आयोजित किया गया जिसमें पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान एक सैकड़ा से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के अंदर किया जाये लापरवाही होने पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि समग्र समाधान दिवस की विश्वसनीयता के प्रति अधिकारी सचेत रहें। अगर समग्र समाधान दिवस की शिकायतों का सटीक निदान होता है तो लोगों में प्रशासन की साख बुलंद होगी।
उन्होंने फरियादियों के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की भी वकालत अधिकारियों के सामने की। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी के साथ अभद्रता नही की जानी चाहिए। हर फरियादी के साथ चाहे वो किसी भी वर्ग का हो अधिकारी हमदर्दी से पेश आयें।
कुल 115 शिकायतें आज पंजीकृत की गईं। सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग की 33, विकास विभाग की 24, पुलिस की 20, विद्युत की 7, नगर पालिका की 7, पूर्ति विभाग की 10, जल निगम की तीन, शिक्षा, स्वास्थ्य व नगर विभाग की 2-2 शिकायतें दर्ज हुईं।
इस अवसर पर सीएमओ डा. अल्पना बरतारिया, एसडीएम भैरपाल सिंह, सीओ संजय शर्मा, कृषि अधिकारी बृजेश कुमार, वन रेंजर रविंद्र भदौरिया, पूर्ति अधिकारी मनोज तिवारी, खंड विकास अधिकारी कुठौंद मनोज कुमार, प्रभारी चिकित्साधीक्षक डा. मुकेश राजपूत, कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा, तहसीलदार जितेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।





Leave a comment