उरई। कदौरा थाना क्षेत्र के पंडोरा गांव में मंगलवार की रात चोरों ने दो घरों में घात लगाकर भारी मात्रा में सोना-चांदी और लाखों रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। खबर मिलने के बाद थाने की पुलिस के साथ-साथ अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
चोर सबसे पहले उक्त गांव में आशाराम गुप्ता के घर में चैनल के बाद लोहे का गेट सब्बल से तोड़कर भीतर घुस गये। उनका पूरा परिवार एक कमरे में सोया हुआ था। जिसकी उन्होंने कुंडी चढ़ा दी। इसके बाद इत्मीनान से दूसरे कमरे में घुसकर सेफ तोड़ डाली। उसमें से 470 ग्राम सोना, डेढ़ किलो चांदी और 1 लाख 80 हजार रुपये नगद उठा ले गये।
आशाराम के घर के बाद चोर इसी तरह कमलेश कुमार के घर में घुसे। यहां से भी वे लगभग आधा किलो सोना, आधा किलो चांदी और 2 लाख 60 हजार रुपये की नगदी बटोर ले गये।
आशाराम के पुत्र अंकुर ने बताया कि 12 बजे खेत से लौटने के बाद उसने दरवाजे लॅाक किये थे। इसके बाद वह 1 बजे रात तक कम्प्यूटर पर गेम खेलता रहा। चोर संभवतः इसके बाद उसके घर में दाखिल हुए।
पीड़ित घरों के गृहस्वामी सोना-चांदी गिरवी रखकर कर्जा बांटते हैं। सनसनीखेज चोरियों की खबर मिलते ही सबसे पहले थानाध्यक्ष कदौरा अशोक उपाध्याय सदलबल पंडोरा पहुंचे और उन्होंने दोनों घरों का गहनता से निरीक्षण किया। दोपहर बाद अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी ने भी पंडोरा पहुंचकर मौका-मुआयना किया। फोरसिंक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया था जिसने आवश्यक नमूने लिए।
चोरों के निशाने पर है कदौरा क्षेत्र
कदौरा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से बड़ी चोरियों का तांता लगा है। एक पखवारे पहले पंडोरा में ही जयप्रकाश के घर में लगभग तीन लाख रुपये के माल-असबाब की चोरी हुई थी। इसके कुछ दिनों पहले चोर मरगांया में विनय सिंह के घर से पांच लाख रुपये के सामान और नगदी पर से हाथ साफ कर गये। इन चोरियों का अभी तक खुलासा नही हो सका है इसलिए अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।







Leave a comment