उरई। गुरुवार को कलेक्ट्रेट में एक फरियादी द्वारा हेयरडाई पी लेने से हड़कंप मच गया। कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों ने आनन-फानन उसे अस्पताल पहुंचाया जहां से उसको नाजुक हालत के कारण मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया गया।
डाई पीने वाले व्यक्ति का नाम प्रवीण (45वर्ष) बताया गया है जो कि सिरसाकलार थाने के इटौरिया गांव का निवासी है। बताया गया है कि दलित समुदाय का प्रवीण गांव के दबंगों के अत्याचार से त्रस्त था। उस पर एक बार फायरिंग भी हो चुकी है जिसमें वह बाल-बाल बच गया था। इसके बावजूद आरोपियों पर कोई कार्रवाई नही हुई। आज वह कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी से इसकी शिकायत करने आया। प्रार्थना पत्र देने के बाद जब वह बाहर निकला तो निराश था। इसी अवसाद में उसने हेयर डाई पी ली। जब वह अचेत होकर गिर पड़ा तब लोगों को उसके साथ किसी अनहोनी का एहसास हुआ। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
गौरतलब है कि गत वर्ष तत्कालीन जिलाधिकारी नरेंद्र शंकर पांडेय के समय भी कलेक्ट्रेट में प्याऊ के उदघाटन के समय एक फरियादी ने आत्मदाह की कोशिश करके सनसनी फैला दी थी। शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता न दिखाई जाने की वजह से पीड़ितों का विश्वास प्रशासन और व्यवस्था पर से उठता जा रहा है। कलेक्ट्रेट में फरियादी द्वारा आत्मघात की चेष्टा से यह स्थिति सामने आ रही है। फिर भी जिम्मेदार लोगों की निराशा दूर करने के लिए गंभीर होने को तैयार नही दिखते।

Leave a comment