जालौन-उरई । विकास खण्ड के ग्राम लौना के प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव में आज गांव 1225 मतदाताओं ने गांव में बनाये गये तीन मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान किया। आधा दर्जन प्रत्याशियों का राजनैतिक भविष्य मत पेटियों में बंद हो गया है।
मंगलवार को ग्राम पंचायत लौना में हुए प्रधान पद के उप चुनाव में मतदान हुआ। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान अपरान्ह 5 बजे तक चला। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए उपजिलाधिकारी भैरपाल सिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार शर्मा व इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्रा लगातार अपने फोर्स के साथ घूमते रहे। प्राथमिक विद्यालय में दो तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय में एक बूथ बनाया गया था। बूथ संख्या 64 पर 597 मतदाताओं को मताधिकार करना था जहां पर 387 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया इसी विद्यालय में बने दूसरे बूथ संख्या 63 में 540 मतदाताओं को मताधिकार करना था जहां पर 416 मतदाताओं ने मताधिकार किया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय लौना में बने एक बूथ में 633 मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करना था यहां पर 422 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। सांय पांच बजे तक चले मतदान के बाद पीठासीन अधिकारी सीताशरण निरंजन कृषि विभाग तथा हरीबाबू सोनकर कृषि ने डब्बे सील कराये। 7 बजे से प्रारंभ हुआ मतदान दिन चढ़ने के साथ तेज होता गया किन्तु फिर भी मतदान केंद्रों पर लाइन नहीं लगी। अपरान्ह 5 बजे तक 1770 मतदाताओं में 1225 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग करके प्रधान पद के प्रत्याशी संजय अवस्थी, योगेन्द्र सिंह सेंगर, शैलेन्द्र सेंगर, ज्ञानेन्द्र सिंह सेंगर, प्रदीप कुशवाहा तथा चन्दभान कुशवाहा का राजनैतिक भविष्य का फैसला कर दिया। 24 फरवरी को मतगणना के साथ गांव के प्रधान की घोषणा हो जायेगी। इस मौके पर उपनिरीक्षक सोवरन सिंह यादव, सतीश यादव, उमेश सिंह समेत फोर्स उपस्थित रहा तथा शांति पूर्ण मतदान के बाद सन्तोष व्यक्त किया।







Leave a comment