*

कोंच-उरई । किसान सेवा सहकारी समितियों के चुनाव निपट जाने के बाद अब सहकारी क्रय विक्रय समिति के चुनाव की सरगर्मियां भी तेज हो गईं हैं। चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसी के साथ चुनाव अधिकारी भी नामित कर दिये गये हैं जो प्रबंध कमेटी तथा सभापति और उपसभापति का निर्वाचन करायेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक प्रबंध कमेटी के सदस्यों का नामांकन आगामी 26 फरवरी को समिति कार्यालय में होगा जबकि मतदान 6 मार्च को कराया जायेगा।

सहकारी क्रय विक्रय समिति के चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद सियासी हलकों में सरगर्मियां तेज हो गईं हैं और संभावित उम्मीदवार गोटें फिट करने में जुट गये हैं। उक्त चुनाव के लिये जेई कार्यालय अधिशासी अभियंता वेतवा नहर प्रखंड द्वितीय मोहम्मद तारिक खां को निर्वाचन अधिकारी तथा ग्राम विकास अधिकारी विकास खंड कोंच मनोजकुमार चतुर्वेदी को बतौर सहायक निर्वाचन अधिकारी नामित किया गया है। चुनाव के लिये जारी विस्तृत कार्यक्रम के मुताबिक प्रबंध कमेटी के सदस्यों के लिये 26 फरवरी को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक नामांकन दाखिल किये जा सकते हैं। 27 को नामांकन पत्रों की जांच सुबह 10 से अपरान्ह 1 बजे तक तथा उसी दिन अपरान्ह 1 से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच और बैध नामांकन पत्रों का प्रकाशन किया जायेगा। 28 फरवरी को नाम बापिसी सुबह 10 से अपरान्ह 1 बजे तक तथा 1 से 4 बजे तक चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जायेगा। मतदान आगामी 6 मार्च को सुबह 9 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक होगा और इसके बाद मतों की गिनती करके परिणाम घोषित कर दिये जायेंगे। सभापति, उपसभापति एवं अन्य समितियों में भेजे जाने बाले प्रतिनिधियों का निर्वाचन 7 मार्च को होगा।

Leave a comment