कोंच-उरई । जल संस्थान के नलकूप पर संविदा के आधार पर ऑपरेटर का काम करने बाले प्रसून चतुर्वेदी की रहस्यमय और संदिग्ध मौत के मामले में उसके परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुये पुलिस को एक प्रार्थना पत्र दिया है जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में संदेह मृतक के परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या करने का संदेह जताते हुये नामजदगी कराई है। पुलिस अब नये सिरे से मामले की छानबीन में जुट गई है।

गुजरे रविवार 18 फरवरी की दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि चमरसेना के पास जालौन शाख में किसी युवक की लाश बहती जा रही है। पुलिस ने छानी के पुल के पास उक्त लाश बरामद की थी। मृतक की शिनाख्त प्रसून चतुर्वेदी पुत्र सतीशचंद्र चतुर्वेदी निवासी मोहल्ला सुभाषनगर निवासी के रूप में की गई थी। मृतक के भाई आलोक ने बताया था कि उसका भाई मृतक प्रसून संविदा पर जल संस्थान के नलकूप संख्या 3 पर ऑपरेटर का कार्य करता था। 15 फरवरी की सुबह लगभग पांच बजे वह तहसील के समीप स्थित नलकूप पर गया और रोज की तरह उसने पंप चालाया। साढे छह बजे तक उसकी लोकेशन वहां मिली थी लेकिन इसके बाद से वह लापता था और उसके पिता सतीश ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। प्रसून की मौत को लेकर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट कहती है कि सिर पर चोट के कारण मृत्यु हुई है। तीन दिन तक परिजनों की खामोशी के बाद गुरुवार को मृतक के पिता सतीशचंद्र चतुर्वेदी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया जिसमें उसने तीन लोगों राम कुमार गुप्ता उर्फ रामू, श्याम प्रकाश गुप्ता उर्फ श्यामू पुत्रगण सियाशरण एवं पूनम पत्नी रामकुमार निवासीगण भगतसिंह नगर कोंच पर हत्या करने का संदेह जाहिर किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 201 में एफआईआर दर्ज कर नये सिरे से विवेचना शुरू कर दी है। सीओ रुक्मिणी वर्मा और कोतवाल संतोषकुमार सिंह ने आरोपियों के घर जाकर भी पूछताछ की है लेकिन अभी तक कुछ निकल कर सामने नहीं आया है।

 

 

क्या आशनाई बनी प्रसून की मौत की बजह ?

प्रसून की मौत को लेकर हालांकि उसकी लाश मिलने के दिन से ही तरह तरह की चर्चायें व्याप्त रहीं हैं जिनमें उसकी आशनाई की बातें सामने आ रहीं थीं। लाश मिलने के बाद जिस तरह से मृतक के परिजन खामोश रहे और किसी प्रकार की नई तहरीर पुलिस के पास नहीं पहुंची उसके भी मायने आसानी से निकल कर सामने आ रहे थे लेकिन आज जब मृतक के पिता ने तीन लोगों पर हत्या का संदेह जाहिर करते हुये रिपोर्ट दर्ज कराई है उससे चर्चाओं को बल मिला है। गौरतलब है और जैसा कि मृतक के भाई ने शुरू में बताया था कि प्रसून एक सीधा सादा सा युवक था और ज्यादातर अपने काम से काम रखने बाला था, उसकी किसी से कोई खास रंजिश भी नहीं थी। परिजन यह बात भी छिपा कर चल रहे थे कि उसकी किसी से आशनाई भी नहीं थी ऐसे युवक की रहस्यमय मौत को लेकर सवाल तो खड़े होने ही थे कि आखिर कौन और क्यों उसकी हत्या कर सकता है। बाद में यह बात निकल कर सामने आ ही गई कि प्रसून किसी के साथ आशनाई की गिरफ्त में रहा है। मौजूदा आरोपियों का उसकी मौत से कितना लेना देना है, मौत का सही कारण क्या है और उसकी आशनाई बाली बात में कितना दम है, यह पुलिस की गहन छानबीन का बिषय तो है ही।

 

Leave a comment