कोंच-उरई । कोतवाली पुलिस के लिये चुनौती बने लुटेरों ने बीती रात फिर एक लूट की घटना को अंजाम तक पहुंचा दिया है। अबकी दफा एक पिकअप सवार व्यक्ति लुटेरों के निशाने पर आया है। झांसी से कोंच आ रहे उक्त व्यक्ति को बाइक सवार तीन लुटेरों ने ग्राम घुसिया के पास तमंचे की नोंक पर लूट लिया और फरार हो गये।

मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात लगभग 11 बजे कोंच कस्बे के आराजी लेन निवासी निजाम पुत्र बाती झांसी से कोंच की तरफ पिकअप सं. यूपी 92 टी 0691 से आ रहा था। जब वह कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घुसिया के समाप पहुंचा तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे की नोंक पर पिकअप रुकवा ली और निजाम के साथ मारपीट करते हुये उसकी जेब में पड़े 470 रुपये तथा उसका मोबाइल लूट कर भाग गये। पीछे से आ रही दूसरी पिकअप को रोक कर निजाम ने उसके मोबाइल से यूपी 100 तथा कोतवाली पुलिस को घटना के बाबत इत्तेला दी। सूचना पर यूपी 100 की गाड़ी भी पहुंची थी और इलाकाई सुरही चौकी के दरोगा सुरेन्द्रकुमार सिंह भी पहुंचे थे जिन्होंने वहां मामले की छानबीन की। पुलिस इस मामले को लूट की घटना मानने से इंकार कर रही है। एसआई सुरेन्द्र का कहना है कि निजाम के साथ मारपीट तो हुई है लेकिन लूट का मामला संदिग्ध है, जांच जारी है।

 

Leave a comment