उरई। मंडी परिसर में तीन दिन से चल रहे कृषि मेले का सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह ने समापन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि अन्ना पशुओं की समस्या का समाधान अकेले सरकार और प्रशासन नही कर सकता। इस समस्या के निवारण के लिए लोगों को भी आगे आना होगा।
मेले में यहां जालौन के अलावा झांसी, हमीरपुर, बांदा, महोबा और चित्रकूट जिलों के किसान भी शामिल हुए। मेला स्थल पर लगभग 65 विभागों के स्टाल लगाये गये थे। जिनमें विभागों की योजनाओं को प्रदर्शित किया गया था। आगंतुक किसानों की भीड़ इन स्टालों पर लगी रही।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार बुंदेलखंड की पानी की समस्या को लेकर भी बेहद गंभीर है। रविवार को मंत्रियों के अध्ययन दल ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर उरई में सातों जिलों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें घोषणा की गई है कि पेयजल समस्या से बुंदेलखंड के लोगों को राहत दिलाने के लिए बजट की कोई कमी नही रहने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि कम बारिश होने से इस इलाके में जल स्तर तेजी से घट रहा है। वाटर रिचार्जिंग के उपायों के लिए आगे आकर लोगों को इससे मुकाबला करना होगा। मेले का संयोजन उपनिदेशक कृषि अनिल कुमार पाठक ने किया।

Leave a comment

Recent posts