उरई। एक सप्ताह पहले कदौरा थाना क्षेत्र के पंडौरा गांव में हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश अभी तक न होने पर रोष जताने के लिए अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के पदाधिकारी मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से मिले।
गौरतलब है कि गत 21 फरवरी को पंडौरा में दो घरों में लाखों रुपये के सोना-चांदी व नगदी की चोरी हुई थी। जिसमें वैश्य समाज का एक परिवार भी बर्बाद हो गया था। पीड़ित परिवार स्थानीय पुलिस के पास चक्कर लगाकर बराबर कहता रहा कि वारदात में गांव के ही किसी व्यक्ति का हाथ है। फिर भी पुलिस अभी तक कोई सुराग नही लगा पाई है।
पुलिस की कार्रवाई से नाराज परिवार आज वैश्य एकता परिषद के पदाधिकारियों के साथ पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह से मिला। पुलिस अधीक्षक ने हालांकि शिष्ट मंडल को भरोसा दिलाया है कि चोरी का खुलासा बहुत जल्द हो जायेगा और अभियुक्त गिरफ्तार कर उनसे पूरे माल की बरामदगी की जायेगी। इस पर शिष्ट मंडल ने संतोष जताया। नगर पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा, वैश्य एकता परिषद के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, जालौन नगर पालिकाध्यक्ष गिरीश कुमार गुप्ता, प्रांतीय उपाध्यक्ष हरीशंकर गुप्ता, जिला संरक्षक रामबिहारी गुप्ता, प्रांतीय महासचिव युद्धवीर कंथरिया, पंडौरा के पूर्व प्रधान श्यामजी गुप्ता, अमित, अंकुर, आज्ञाराम, कन्हैया और जिला महामंत्री राजकुमार रेढ़र शामिल रहे।

Leave a comment