
कोंच-उरई । कस्बे में कतिपय अराजक तत्व आगजनी का खेल खेल रहे हैं और आये दिन इस तरह की घटनायें प्रकाश में आ रहीं हैं। बीती रात चंदकुआ जैसे मुख्य चौराहे पर कपड़े स्त्री कर अपनी जीविका चलाने बाले की दुकान में भी अराजक तत्वों द्वारा आग लगा दिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि दुकानदार का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है लेकिन उसके लिये दोबारा से दुकान तैयार करना आसान नहीं है।
मिली जानकारी के मुताबिक चंदकुआ चौराहे पर मुन्नालाल रजक पुत्र गयाप्रसाद निवासी मोहल्ला पटेलनगर कोंच की कपड़े स्त्री करने की छोटी सी दुकान रखी है जिसके जरिये वह अपने परिवार का भरण पोषण करता है। बीती शाम वह दुकान बंद करके घर चला गया। सुबह आकर देखा तो उसकी दुकान राख में तब्दील थी। उसने कोतवाली में तहरीर देकर बताया है कि आधी रात के आसपास किसी अराजक तत्व ने उसकी दुकान में आग लगा दी जिससे पूरी दुकान जल कर राख हो गई। गनीमत यह रही कि हवा तेज बहने के कारण आग खुद-ब-खुद बुझ गई वरना समीप रखी रज्जन यादव पुत्र गोविंदसिंह निवासी गोखलेनगर कोंच की मिठाई की दुकान का खोखा उस आग की लौ से झुलस तो गया ही था और आग न बुझती तो वह भी जल कर राख बन जाती। उसने रिपोर्ट दर्ज कर दाषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।







Leave a comment