उरई। कदौरा थाना क्षेत्र में देवर ने भाभी से लड़ाई होने के बाद सिर में सिलबटटा मारकर उसकी हत्या कर दी। गांव वालों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने खेतों में उसे खदेड़कर पकड़ लिया। उससे पूंछतांछ की जा रही है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नही है।
ग्राम मदरालालपुर निवासी शिशुपाल (24वर्ष) पुत्र बाला प्रसाद के बड़े भाई इंद्रपाल की लंबी बीमारी के बाद तीन वर्ष पहले मौत हो गई थी। तब से उसकी भाभी गुडडी (30वर्ष) साथ में ही रह रही थी। जिसकी चार वर्ष की एक लड़की भी है।
मंगलवार को किसी बात को लेकर देवर और भाभी में कलह शुरू हो गई। एक-दूसरे पर उनके चीखने-चिल्लाने की आवाजें पड़ोंसियों को भी सुनाई दे रही थीं। इसी दौरान आवेश में शिशुपाल ने गुडडी के सिर पर सिलबटटा दे मारा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह देखकर शिशुपाल हड़बड़ा गया और घर से निकलकर तेजी से भागा तो मांजरा भांप पड़ोस के लोग भीतर घुसे जहां गुडडी का लहूलुहान शव पड़ा था। उन्होंने 100 नंबर डायल कर दिया जिससे कुछ ही देर में पुलिस आ गई। इस बीच कुछ गांव वालों ने पुलिस को इशारा करके बताया कि शिशुपाल वहां भाग रहा है। पुलिस भी पीछे दौड़ पड़ी और उसे पकड़ लिया।
गुडडी का शव रहस्यमय हालत में मिला है। दिन की वारदात होने के बावजूद वह घटना के समय अर्द्धनग्न अवस्था में थी। इसलिए पुलिस उसकी हत्या के पीछे चारित्रिक कारण का संदेह कर रही है।

Leave a comment