कोंच-उरई । होली के त्योहार को देखते हुये खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को कोंच के बाजारों में छापा मारा लेकिन अधिकारियों के इस छापे को देख कर कस्बे की अधिकांश दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिरे और दुकानदार भाग लिये जिसके चलते टीम ने केवल एक किराने की दुकान से एक ही नमूना भर पाया। छापेमारी की गंभीरता को इसी बात से समझा जा सकता है कि उरई से अतिरिक्त मजिस्ट्रेट भी इसमें शामिल थे और कोतवाली के फोर्स को भी बुलाया गया था।

मिलावटखोरी के इस दौर में त्योहारों पर मिलावटी सामानों की बिक्री का जोर बढ जाता है। मिलावटी सामान की बिक्री रोकने के लिये शासन के निर्देश पर मंगलवार को कोंच कस्बे में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने धावा बोला। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विकासकुमार की अगुवाई में अभिहित अधिकारी प्रियंका सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मानसिंह निरंजन आदि ने भारी पुलिस बल के साथ कोंच के बाजारों में छापा मारा लेकिन छापे की भनक पहले ही दुकानदारों को मिल गई थी जिसके चलते किराना और मिठाई की अधिकांश दुकानों के शटर बंद हो गये थे और दुकानदार भाग लिये थे। टीम को किराना की हरीशंकर रेजा पुत्र विश्वनाथ निवासी पटेल नगर की एसआरपी इंटर कॉलेज के सामने स्थित दुकान खुली मिल गई जहां टीम ने सरसों के तेल का नमूना भर कर परीक्षण के लिये भेजा है। इस दौरान एसआई कमलनारायण सिंह, रश्मि राठौर, गौरव राजपूत, देशवीर, सुबोधकुमार आदि मौजूद रहे।

 

Leave a comment