0 संस्कार ग्रामोत्थान संस्था ने गणमान्यों को किया अभिभूत
उरई। संस्कार ग्रामोत्थान संस्था के तत्वावधान में रेलवे स्काउट एण्ड गाइड परिसर में संस्कार उत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने आये हुए अतिथियों का होली के अवसर के अनुकूल रंग-गुलाल लगाकर अभिनंदन किया। इस दौरान घरेलू सहायकों और स्वाबलंबन का प्रयास करने वाली महिलाओं का सम्मान भी किया गया।
रेलवे के सीनियर टीसी रवि शाक्य नौकरी में से समय और अंशदान निकालकर एक अर्से से सामाजिक और परोपकार के कार्यों के माध्यम से मिसाल स्थापित कर रहे हैं। उनकी संस्था द्वारा गरीब कन्या के विवाह आयोजित करने के साथ-साथ दिव्यांगों और बेसहारा महिला व वृद्धों की मदद के कार्यक्रम भी चलाये जाते हैं। जिसके कारण उनकी अपनी और संस्था की अलग पहचान कायम हो चुकी है। स्वनाम धन्य महानुभाव भी उनके कार्यक्रमों में उपस्थित रहने में गौरव का अनुभव करते है।
बुधवार को उनके कार्यक्रम में पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, पूर्व विधायक संतराम सिंह सेंगर, कोरी कुटिया के पूर्व अध्यक्ष मास्टर कामता प्रसाद, कोरी समाज के जिलाध्यक्ष पन्ना लाल वर्मा, रेडक्रास सोसाइटी के सचिव युद्धवीर कंथरिया, समाजसेवी बाबूराम कौशल और एडीआर के प्रदेश संयोजक व वरिष्ठ पत्रकार अनिल शर्मा जैसी दिग्गज हस्तियां उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन बृजमोहन निरंजन ने किया। सभी अतिथियों और उपस्थित पत्रकारों के माध्यम से रवि शाक्य ने रेलवे स्काउट के प्रांगण में वृक्षारोपण भी कराया।
इस दौरान अतिथियों ने कहा कि रवि शाक्य जिस तरह व्यक्तिगत योगदान से सामाजिक सेवा कर रहे हैं वह अनुकरणीय है। सभी लोग इससे प्रेरित होकर अपना कुछ समय और आमदनी का एक हिस्सा जरूरतमंदों की मदद के लिए देने को प्रेरित हो सकें तो यह बेहद सार्थक उपलब्धि होगी।






Leave a comment