0 शासन के आदेश के बाद भी पेंशन, पारिवारिक पेंशन के नहीं हुये संशोधन

0 पंद्रह दिनों में समस्या हल न हुई तो करेंगे आंदोलन

उरई । स्टेशन रोड स्थित शिक्षक भवन में सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक संघ के प्रदेशीय उपाध्यक्ष व मंडलीय अध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुयी। बैठक में 1995 से 2015 तक सेवानिवृत्त हुये शिक्षकों की पेंशन, पारिवारिक पेंशन के संशोधन कर पुनरीक्षित करने के निर्देश प्रदेश सरकार द्वारा जारी करने के बाद कार्यालय द्वारा अब तक अमल में न जाये जाने पर आक्रोश व्यक्त करते हुये कहा गया कि यदि 15 दिवस में उस पर अमल न हुआ तो सभी सेवानिवृत्त शिक्षक आंदोलन करने को विवश होंगे।

बैठक को संबोधित करते हुये मंडलीय अध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्रा ने कहा कि बेसिक शिक्षा महकमे द्वारा लंबे समय से वर्ष 1995 से लेकर 2015 तक सेवानिवृत्त हुये शिक्षकों की पेंशन, पारिवारिक पेंशन को संशोधन के निर्देश प्रदेश सरकार द्वारा जारी किये गये थे। लेकिन विभाग द्वारा पेंशन व पारिवारिक पेंशन अभी तक पुनरीक्षित नहीं किया गया। यह व्यवस्था बीएसए कार्यालय की अब किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी। श्री मिश्रा ने साथियों से कहा कि यदि 15 दिनों के अंदर उक्त संशोधन पूरे न हुये तो सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ बीएसए कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया जायेगा ताकि कुंभीकर्णी नींद में सोये जिम्मेदारों को जगाया जा सके। बैठक के अंत में सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों ने साथियों को गुलाल लगाकर होली की एक दूसरे को बधाई दी। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक केदारनाथ स्वर्णकार, रामधनी राजपूत, संतराम, महेश प्रजापति, कृपाल सिंह कुशवाहा, रामस्वरूप, अयोध्या प्रसाद निरंजन, प्रेमनारायण पाठक सहित अनेकों शिक्षक उपस्थित रहे। बैठक का संचालन रामराजा द्विवेदी ने किया।

Leave a comment