
कालपी-उरई । बुधवार को नगर पालिका परिषद कालपी के सभागार में पालिका अध्यक्षा बैकुंठी देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। इस मौके पर सभासदों तथा गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय ढंग से मौजूदगी रही। पालिका के अधिशाषी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे ने अपने संबोधन में कहा कि जरूरतमंदों तथा गरीबों के हितों के लिए शासन के द्वारा कल्याणकारी योजना की शुरुआत हुई है । उन्होंने बताया कि जिन युवक की उम्र 21 वर्ष तथा युवती की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है इस योजना में पंजीकरण करा कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। सरकार के द्वारा संबंधित जोड़े को 35000 रुपए की सहायता प्रदान कराई जायेगी। उन्होंने बताया कि कालपी नगर के लिए 14 तथा कदौरा नगर के लिए 13 जोड़ों का योजना के अंतर्गत विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया है। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि 31 मार्च के पहले पहले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का कार्यक्रम कालपी में आहूत किया जायेगा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत टेंट की व्यवस्था, भोजन तथा उपहार नवविवाहित जोड़ों को प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए अवगत कराया कि बीते महीने उरई में आयोजित कार्यक्रम में विवाह के लिए कालपी से एक भी जोड़ा शामिल नहीं हुआ। उन्होंने उपस्थित लोगों से जनता को जागरूक करने तथा योजना को जन-जन तक पहुंचाने का आवाहन किया । बैठक में पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार, हिम्मत सिंह गौतम, नियाज उल्लाह, शिवबालक सिंह यादव, भारत सिंह यादव, अरविंद यादव, मौला, जय खत्री ,हरिभूषण सिंह चैहान, रामबाबू, कल्लू मस्तान, मोहम्मद फारुख समेत विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता, सभासद तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






Leave a comment