उरई। कोतवाली पुलिस ने नकबजनों के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। जिसके द्वारा चार शातिर बदमाश गिरफ्तार किये गये। इनके कब्जे से हाल ही में शहर में हुईं चोरियों का आभूषण सहित काफी सामान बरामद हुआ। पीड़ितों ने बरामद आभूषणों की पहचान भी कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में एक सर्राफ भी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। गिरफ्तार अभियुक्तों में रौनक उर्फ रिंकू उर्फ रहमान निवासी रामकुंड कादरी कालोनी, निर्दोष उर्फ कल्लू राजपूत निवासी ऐर, रविंद्र उर्फ मनसुख निवासी ऐर के अलावा कुइयां रोड निवासी सर्राफ भरत सोनी हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों में रौनक के खिलाफ 10, निर्दोष उर्फ कल्लू राजपूत के खिलाफ 13, रविंद्र उर्फ मनसुख के खिलाफ 14 और सर्राफ भरत सोनी के खिलाफ 8 मुकदमें कायम हैं। इन गिरफ्तारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक ने शहर कोतवाल देवेंद्र कुमार द्विवेदी की टीम को नगद पारितोषक देने की घोषणा की। पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी व नगर क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार भी मौजूद थे।






Leave a comment