
* शिक्षक के आत्मदाह पर शिक्षकों ने निकाला कैंडल मार्च, दी श्रृद्घांजलि
कोंच—उरई । पिछले दिनों ठीक अपनी सेवानिवृत्ति के दिन ललितपुर जिले के तालबेहट में विभागीय अधिकारियों एवं ग्राम प्रधान के उत्पीडऩ से त्रस्त हो कर आत्मदाह करने बाले प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यपक ओमप्रकाश पटैरया को श्रृद्घांजलि देने के लिए शनिवार की शाम तहसील के दोनों विकास खंडों के साथ ही नगरीय क्षेत्र के शिक्षक चंदकुआ स्थित महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के नीचे एकत्रित हुये। वहां श्रृद्घांजलि देने के बाद उन्होंने भारत माता मंदिर तक कैंडल मार्च निकाला और सीएम को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम सुरेश सोनी को दिया।

गौरतलब है कि दो दिन पहले भी शिक्षकों ने कैंडल मार्च निकालने का प्रयास किया था लेकिन प्रशासन की अनुमति नहीं होने के कारण पुलिस ने उन्हें रोक दिया था। शनिवार की शाम उन्होंने अनुमति के साथ अपना कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान शिक्षक संघ एवं पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के सैकड़ों शिक्षकों ने मौजूद रह कर व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की और चंदकुआ पर लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के नीचे अपने साथियों को आगाह किया कि भले ही उन्हें तमाम तरह के दबाबों में काम करना पड़ता हो लेकिन आत्महत्या जैसे कृत्य कतई न करें और कठिनाइयों का डट कर मुकाबला करें। एसडीएम को दिये ज्ञापन में शिक्षकों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने मृतक के परिवार को दस लाख मुआवजा, आश्रित को अनुकंपा नौकरी तथा शिक्षकों को एमडीएम से विलग रखने की मांगें शामिल हैं। इस दौरान अलकेश अवस्थी, राघवेन्द्र शर्मा, ब्लॉक कोंच अध्यक्ष शैलेन्द्र निरंजन बबले, नदीगांव ब्लॉक अध्यक्ष कृष्णकांत वाजपेयी, रामशरण निरंजन, रुचिर नायक, अखिलेश व्यास, हरपाल यादव, ऋषि बुधौलिया, राजेन्द्र भारद्वाज, एसपी सिंह, दिनेश नामदेव, भूपेन्द्र शुक्ला, बारीश द्विवेदी, जितेन्द्र गुप्ता, अवधेशचंद्र गोस्वामी सहित तमाम शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों को पालिका सभासदों का भी नैतिक समर्थन मिला और सभासद अनिल पटैरया, बादामसिंह कुशवाहा, रविकांत कुशवाहा, छोटू टाइगर, अनिल पटेल आदि साथ में रहे।





Leave a comment