कोंच—उरई । बहुचर्चित चंदुर्रा कांड में पुलिस की लगातार दबिशों से परेशान तीसरे आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। इसी के साथ अब तीन आरोपी सींखचों के पीछे पहुंच गये हैं। दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी।
विगत 25 मार्च को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चंदुर्रा में परचून की दुकान में हुये अग्किांड में सात लोग बुरी तरह झुलस गये थे जिसमें अब तक दुकान मालिक गिरेन्द्रसिंह और उसके बेटे सुशील की मौत हो जाने के बाद पुलिस के ऊपर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार दबाब बढ रहा है। एमएलसी रमा निरंजन भी प्रशासन को अल्टीमेटम दे चुकी हैं कि बिलंबतम 14 अप्रैल तक अगर सभी आरोपी जेल नहीं पहुंचते हैं तो 15 अप्रैल से वह खुद एसडीएम कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ जायेंगी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये लगातार दबिशें डाल रही है। दो दिन पहले कोतवाल विनोदकुमार मिश्रा की अगुवाई में एक नामजद आरोपी महेश अहिरवार के संभावित ठिकानों पर दबिशें दी गई थीं जिससे परेशान होकर अंतत: महेश ने बीते कल कोर्ट में आत्म समर्पण कर दिया है। तीन आरोपियों के जेल पहुंच जाने के बाद भी चार आरोपी अभी गिरफ्तारी के लिये शेष बचे हैं। कोतवाल का कहना है कि पुलिस की टीमें अपना काम कर रहीं हैं और जल्दी ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।





Leave a comment