
उरई । अधेड़ की निर्ममता पूर्वक हत्या कर उसका शव जोल्हूपुर हमीरपुर स्टेट हाइवे पर रसूलपुर तिराहे के पास फेंक दिया गया । वारदात की जानकारी से पुलिस में हड़कंप मच गया । मृतक कुरारा हमीरपुर का निवासी बताया गया है । मौके पर पहुँचे मृतक के परिजनों ने उसके दामाद को आरोपित किया है । पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है ।
कुरारा के महावीर का निकला शव
सोमवार को सुबह स्टेट हाई वे पर कालपी कोतवाली और कदौरा थाना क्षेत्र के सीमांत के पास लेकिन कदौरा थाने की हद में कुरारा निवासी महावीर ( 40 वर्ष ) पुत्र श्याम लाल का शव पड़ा मिला । उनका भेजा फटा हुआ था । उन्हें चाकू भी मारा गया था ।
बड़ी बेटी का पति के साथ था विवाद
मृतक की बड़ी बेटी लक्ष्मी का विवाह छिरिया सलेमपुर थाना जालौन निवासी मनोज के साथ हुआ है लेकिन पिछले डेढ़ वर्ष से दोनों में अनबन चल रही है जिसकी वजह से लक्ष्मी अपने मायके में रह रही है । चर्चाओं के अनुसार मनोज ने गुप्त रूप से दूसरा विवाह कर लिया था जिसे ले कर लक्ष्मी ने अदलत में उसके ख़िलाफ़ मुक़दमा दायर कर रखा है ।

दामाद ने छल से बुलाया
इसी बीच मृतक महावीर ने अपनी छोटी बेटी माधुरी का विवाह तय कर दिया था जो 20 अप्रैल को होना था । वे इसकी तैयारियों में लगे थे । रविवार को मनोज ने अचानक फोन करके महावीर को दहेज के सामान की खरीददारी के लिए उरई बुलाया । वे 15 हजार रुपये ले कर घर से निकले थे लेकिन शाम 5 बजे जब उनका यह फोन आया कि मनोज ने उन्हें जहर दे दिया है जिससे उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा । वे कालपी स्टैंड पर पड़े हैं तो उनके घर के सारे लोग बदहवास हो गए ।
दामाद की तलाश में भेजी गई पुलिस टीम
परिवार के लोग आनन फानन कालपी पहुँचे लेकिन उनका कोई पता नहीं चला । बाद में उनका शव रसूलपुर मोड के पास स्टेट हाई वे पर मिला । कदौरा के थानाध्यक्ष अशोक कुमार उपाध्याय ने मौके पर पहुँच कर छानबीन की । अभी परिजनों से और गहन पूंछतांछ हो रही है । एक टीम मनोज की तलाश में भेजी गई है ।






Leave a comment