उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खर्रा में मंगलवार की रात्रि खेत पर काम करने गये मजदूर की रहस्मय ढंग से मौत हो गई। जिसे लेकर मृतक की पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पत्नी मिथला ने बताया कि उसके पति गांव के गगनदीप के खेत पर काम करने गये थे। बाद में फोन आया कि पति की हालत बहुत खराब है। इस पर उसने उन्हें घर पर लाने को कहा लेकिन उन्हें रात में तत्काल घर नही लाया गया।
जब सुबह उन्हें घर लाया गया उस समय उनकी मौत हो चुकी थी। उनकी मुंह से खून निकल रहा था। मिथला का कहना है कि उसके पति को कोई बीमारी नही थी। इसलिए उसे पूरा अंदेशा है कि उसकी हत्या की गई है। मिथला ने इसे लेकर गगनदीप के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस बारे में जब कोतवाल संजय गुप्ता से बात की गई तो उनका कहना था कि सभी पहलुओं पर जांच की जायेगी। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद वास्तविकता का अंदाजा होगा।
निःसंतान था मृतक
मृतक मंगल सिंह के कोई संतान नही थी। उसके भाई रमेश ने मृतक की जमीन व घर पहले ही अपने नाम करा लिया था। मृतक उसी के हिस्से में पड़ने वाले मकान में रहता था। वह सीधा-सादा व्यक्ति था। उसका भाई रमेश विलासपुर में रहता है।






Leave a comment