उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र में गुरुवार को सुबह तमंचे की नोक पर बदमाशों द्वारा ट्रैक्टर को लूटने के बाद उसके ड्राइवर को कई किलोमीटर दूर रामपुरा थाना क्षेत्र के करनखेरा के जंगल में हाथ-पैर बांधकर फेंक दिया गया। मुख्यमंत्री के जनपद के एक दिन पहले हुई इस घटना से पूरे पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई है।
थाना गोहन के राजपुरा निवासी नरेंद्र सिंह के ट्रैक्टर में ईंटें लादकर उनका ड्राइवर सोबरन दोहरे आज सुबह गांव जा रहा था। कुठौंद में नहर कोठी के पास ईको गाड़ी में सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक करके उसका ट्रैक्टर रोक लिया और उसे नीचे उतारकर बंधक बना लिया। उनमें से एक ट्रैक्टर चलाने लगा जिसने कुछ दूर चलने के बाद ईंटों से भरी ट्राली अलग कर दी। इसके बाद बदमाशों ने रामपुरा थाना क्षेत्र के करनखेरा के जंगल में पहुंचकर ट्रैक्टर ड्राइवर सोबरन को हाथ-पैर बांधकर फेंक दिया और भाग निकले। दिन चढ़ने पर राहगीरों ने जब ड्राइवर को पड़े देखा तो उन्होंने उसके बंधन खोले। ड्राइवर से आपबीती सुनने के बाद ट्रैक्टर मालिक नरेंद्र सिंह को खबर की गई। वे भी मौके पर आ गये। कुठौंद में पुलिस में घटना को लेकर तहरीर दे दी गई है। लेकिन मुख्यमंत्री की सुरक्षा डयूटी की व्यस्तता बताकर पुलिस फिलहाल कुछ करने में असमर्थता जता रही है।






Leave a comment