उरई। बुंदेलखंड के दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को योगी आदित्य नाथ चित्रकूट के बाद उरई में थे। यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। राजकीय मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया और इसके बाद जिला पंचायत सभागार में जन प्रतिनिधियों से संक्षिप्त भेंट के उपरांत जालौन और हमीरपुर जनपदों की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। मेडिकल कालेज के निरीक्षण और जिला पंचायतों की बैठकों में मीडिया को दूर रखा गया। अधिकारियों का कहना था कि उन्नाव कांड के कारण ऊपर से ही मुख्यमंत्री के सामने मीडिया की इंट्री रोकने का फरमान आ गया था।
मुख्यमंत्री हैलीकाप्टर से पुलिस लाइन में बने अस्थाई हैलीपैड पर उतरने के बाद सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर कार से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर स्थानीय राजकीय इंटर कालेज मैदान में पहुंचे जहां उन्होंने सबसे पहले 149 परियोजनाओं का लोकार्पण एक साथ किया साथ ही 126 नई परियोजनाओं का एक मुश्त शिलान्यास भी किया।
उन्नाव के मामले का असर आज मुख्यमंत्री के भाषण में दिखा। जिसके कारण उनके तेवर ठंडे रहे। उन्होंने कटाक्ष किया कि विपक्ष की पिछली सरकारों में योजनाओं का लाभ देने में जाति धर्म और क्षेत्र के आधार पर भेदभाव होता था। इसे अब खत्म कर दिया गया है। उन्होंने भाषण में विवादित मुददों से पूरी तरह परहेज रखा। एक प्रसंग में 2014 में मोदी सरकार द्वारा बुंदेलखंड के लिए की गई पेशकश का लाभ तत्कालीन सपा सरकार द्वारा न उठाने का जिक्र भी बहुत हल्के ढंग से किया। मुख्य रूप से वे अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते रहे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके एक वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में 8 लाख 25 हजार झोपड़ी वालों को आवास दिये जा चुके हैं। 40 लाख परिवारों के लिए व्यक्तिगत शौचालय बनवाये गये। 32 लाख गरीबों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन दिये गये। 65 लाख लोगों को उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन दिये गये।
बुंदेलखंड को राहत के लिए उठाये गये कदमों का जिक्र भी उन्होंने किया। उन्होंने घोषणा की चित्रकूट से आगरा को जोड़ने वाले बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे को जालौन से होकर गुजारा जायेगा। इस एक्सप्रेस-वे के आसपास डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग कारीडोर बनाया जायेगा जिसमें ढाई लाख से अधिक नौजवानों को नौकरी और रोजगार के अवसर मिलेगें। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के तहत शामिल किये गये कालपी के हस्त निर्मित कागज उद्योग की इकाइयों के लिए सरकारी खर्चें पर कामन ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जायेगा। जालौन जिले में पांच नदियों के संगम स्थल पचनद को देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सुसज्जित किया जायेगा। बुंदेलखंड की अन्ना पशु प्रथा को लेकर उन्होंने कहा कि कई जिलों में इसका समाधान किया जा चुका है। ललितपुर में जन सहयोग से गौ अभयारण्य बनाया गया है। जिसमें पांच हजार गायों को रखने की व्यवस्था है। अन्न जिलों को भी जन सहयोग से ऐसे ही प्रयास करने होगें हालांकि सरकार भी इन प्रयासों में मदद करेगी।
राजकीय मेडिकल कालेज का निरीक्षण उन्होंने मात्र 10 मिनट में निपटा दिया। यहां तक कि उन्होंने इमरजेंसी तक का जायजा नही लिया। उनके आने के पहले गंभीर मरीजों को प्रशासन ने मेडिकल कालेज अस्पताल से निकलवा दिया था। एक मरीज ने मुख्यमंत्री से डाक्टरों के रवैये की शिकायत करनी चाही तो मुख्यमंत्री ने उसे डपट दिया।
सूत्रों ने बताया कि जन प्रतिनिधियों से मुलाकात में पूर्व मंत्री हरीओम उपाध्याय ने सरकारी विभगों में व्याप्त भ्रष्टाचार और ओवर लोडिंग के कारण जिले की सड़के क्षतिग्रस्त होने से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। फरियादियों को भी मुख्यमंत्री से नही मिलने दिया गया। जिला पंचायत गेट पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित वारिस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 80 वर्षीय रणवीर सिंह बंगरा से पुलिस ने धक्का-मुक्की की। जीआईसी मैदान में हमीरपुर के विधायक अशोक चंदेल द्वारा उसकी 50 बीघा जमीन पर कब्जा कर लेने की शिकायत करने पहुंची प्रेमलता के साथ पुलिस ने मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान हाथापाई की। हंगामा मंच तक सुनाई दे रहा था लेकिन मुख्यमंत्री ने इसे नजरंदाज कर अपना भाषण जारी रखा।
जनसभा में जिले के प्रभारी मंत्री जयकुमार जैकी, सिचाई राज्य मंत्री धर्मपाल सिंह, पंचायती राज राज्यमंत्री डा. महेंद्र सिंह, परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र देव सिंह और सांसद भानुप्रताप सिंह और तीनो विधायक मौजूद थे।

Leave a comment