उरई। रामपुरा थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता छात्रा का शव शुक्रवार को पचनद के बीहड़ों में एक नाले से बरामद हुआ। उसकी हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है।
उक्त थाना क्षेत्र के ग्राम शिवगंज के निवासी लालाराम निषाद की पुत्री नीरज उर्फ बउआ (19वर्ष) जगम्मनपुर के पं. परशुराम महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। गत 11 अप्रैल को वह परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थी इसके बाद वापस नही लौटी। लालाराम ने संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की। रिश्तेदारियों में भी फोन किये लेकिन कोई पता नही चला।
शुक्रवार को सुबह बकरी चराने वालों ने जगम्मनपुर कंजौसा रोड पर जंगल के एक नाले में किसी लड़की का शव पानी में तैरते देखा। इसकी जानकारी उन्होंने अपने गांव में दी। बात चलते-चलते शिवगंज तक लालाराम के कानों में पहुंची तो उन्होंने मौके पर आकर शव की शिनाख्त अपनी पुत्री के रूप में कर ली है। खबर मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है मामले की गहन छानबीन की जा रही है।

Leave a comment