उरई । माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसा दोगढ़ी निवासी सुनीता सिंह पत्नी राजेंद्र पाल सिंह ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि वह घर से 35 हजार रुपए साथ में लेकर जालौन आई थी । 11 बजे उसने भारतीय स्टेट बैंक की जालौन शाखा से एक लाख रुपए और निकाले क्योंकि उसे इतनी रकम किसी को देनी थी ।
वह बैंक से रुपए निकाल कर स्थानीय झंडा चौराहे पर गई । इसी दौरान अज्ञात लोगों द्वारा उसकी साड़ी पर कुछ फेंक दिया गया । जब तक वे मुड़कर देखती उक्त व्यक्ति छुप गया । इसके बाद वे झंडा चौराहे के पास लगे हैंडपंप पर आई और अपनी साड़ी साफ करने लगी ।
इस दौरान हाथ में लिए उस बैग को जिसमें एक लाख 35 हजार रुपए रखे थे उन्होने नीचे रख दिया । जैसे ही साड़ी को साफ कर उन्होने बैग सम्हालना चाहा तो तो वह गायब था जिससे उनके होश उड़ गए ।
पीड़िता ने बताया कि उस वक्त हैंड पंप पर एक 12 वर्षीय लड़की थी । जब उन्होने साड़ी साफ कर के देखा तो उक्त लड़की भी वहां से गायब हो चुकी थी । चौकी इंचार्ज शीतला प्रसाद मिश्रा ने उक्त महिला की मदद करने के बजाय उसे उपदेश देना प्रारंभ कर दिया । पुलिस की यह कारगुजारी अराजक तत्वों के हौसले बुलंद कर रही है ।






Leave a comment