उरई। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की जनपदीय इकाई की बैठक नगर संसाधन केंद्र के सभागार में आयोजित हुई जिसका संचालन संघर्ष समिति के अध्यक्ष इलियास मंसूरी ने किया। बैठक में जिला संरक्षक प्रकाश नारायण पाठक ने जहां वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा सचिन दीक्षित के भ्रष्टाचार की बखिया उधेड़ी वहीं जिला महामंत्री प्रदीप चैहान ने जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत प्रसाद पटेल के निर्देशन में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी राजेश शाही द्वारा शिक्षकों के उत्पीड़न की साजिश रचने का आरोप लगाया।
शिक्षक नेता श्यामजी गुप्ता ने कहा कि महासंघ के संघर्ष के कारण जालौन के भ्रष्ट खंड शिक्षाधिकारी विनोद गौतम को सबक मिल गया है और वह जिले से कृष्णमुख कराने के लिए छटपटा रहा है। डकोर ब्लाक के प्रभारी अरविंद स्वर्णकार ने कहा कि संगठन ने सभी साथियों के सहयोग से यह सफलता प्राप्त की है।
कार्यवाहक जिला महामंत्री अरुण पांचाल ने कहा कि वर्ष 2015 में सेवा निवृत्त होने वाले जिले के 127 शिक्षकों को लेखाधिकारी की भ्रष्ट कार्यशैली के कारण आज तक बीमा का क्लेम नही मिल सका है। उन्होंने कहा कि लेखाधिकारी की बुद्धि सुधारने के लिए प्रतिनिधि मंडल 16 अप्रैल को उनसे भेंटकर एक-एक बिंदु पर साक्ष्यों के साथ बातचीत करेगा।
कदौरा के महामंत्री राकेश कुमार और डकोर ब्लाक अध्यक्ष संतोष विश्वकर्मा ने भी विचार प्रकट किये। अध्यक्षता कर रहे महासंघ के अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत ने बताया कि उरई नगर क्षेत्र के महासंघ अध्यक्ष मजरुल हसन सेवा निवृत्त हो गये हैं। उनके स्थान पर देवेंद्र श्रीवास्तव को नगर अध्यक्ष और मजरुल हसन को संरक्षक नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि महासंघ की ब्लाक इकाइयों के चुनाव 15 जुलाई के बाद कराये जायेगें। जिनकी तिथियां 15 मई तक घोषित कर दी जायेगीं। ललितपुर में कार्यरत कोंच नगर निवासी शिक्षक ओमप्रकाश पटेरिया की दुखद मृत्यु पर बैठक में दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अमित कुमार यादव, बृजेश श्रीवास्तव, मनोज कुमार गुप्ता, कृष्ण गोपाल सिंह, राजेश कुमार गुप्ता, अरविंद निरंजन, रियायत वेग, सुशील राजपूत, जावेद खा, अशोक तिवारी आदि उपस्थित थे।






Leave a comment