जालौन-उरई। ग्राम मलकपुरा में पारिवारिक विवाद के कारण एक विवाहिता ने घर के अंदर कमरे में अपने को बंद करके आग लगा ली जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे मृतका के मायके वालों ने पति और जेठ, जेठानी पर मृतका के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगाया। पुलिस ने कहा कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जायेगा।
शनिवार की शाम मलकपुरा में अरविंद निरंजन की पत्नी सुमन देवी ने घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में बंद कमरे में अपने को आग लगा ली। आग की लपटें तेज होने और महिला की चीख-पुकार की आवाज सुनकर लोगों को पता चला तो वे दौड़े और किसी तरह आग बुझाकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आये जहा डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसी बीच पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बाद में कानपुर महानगर के थान सजेती के ग्राम अलियापुर से पहुंची मृतका की भाभी संध्या और आशा ने कहा कि सुमन को उसका पति और जेठ, जेठानी आये दिन पीटते थे जिससे वह त्रस्त थी। उसकी शादी को सात वर्ष बीत चुके हैं। इसी उत्पीड़न के क्रम में शनिवार को आग लगाकर उसकी हत्या कर दी गई। कोतवाल संजय गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। मृतका को संतान के नाम पर एक पुत्र है।

Leave a comment