जालौन-उरई। पूरे जिले में आईपीएल शुरू होने के साथ ही क्रिकेट के सटटे का बाजार गर्म हो गया है। जिसके तार दूर-दूर तक जुड़े हुए हैं। कई सफेदपोश सटटेबाजी के पीछे है लेकिन पुलिस कोई बड़ी कार्रवाई करने पर ध्यान न देकर इक्का-दुक्का चालानों से अपना पिण्ड छुड़ा रही है।
जिले में एक अर्से से आईपीएल के दौरान करोड़ों रुपये की सटटेबाजी होती है। जिसमें कई शरीफ घरों के नौजवान तक बर्बाद किये जाते हैं। आईपीएल सटटा कहीं-कहीं ऐसे तगमो की आड़ में होता है जहां पुलिस चाह कर भी घुसने की हिम्मत नही कर पाती लेकिन मुख्य बात यह है कि पुलिस में आईपीएल सटटे के नेटवर्क को तोड़ने की इच्छा शक्ति भी नही है। इसीलिए एसओजी या स्वाट टीम जैसे विशेष दस्तों को आईपीएल के सटटे को पकड़ने के लिए टास्क नही सौंपा जाता।
बहरहाल लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए स्थानीय स्तर पर छिटपुट कार्रवाइयां होती रहती हैं। इस क्रम में सोमवार को जालौन कोतवाली की चौकी पुलिस ने तकिया मस्जिद के पास एक दुकान पर आईपीएल मैंचों पर सटटा लिख रहे रापटगंज निवासी विकास उर्फ कान्हा साहू पुत्र अशोक कुमार को धर दबोचा। चौकी प्रभारी शीतला प्रसाद मिश्रा को तलाशी में उसके पास से 82 सौ रुपये नगद, मोबाइल फोन व सटटा की पर्चियां बरामद हुईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।






Leave a comment