उरई। डकैत गिरोहों के फिर सिर उठाने की आशंका से हलकान पुलिस ने थाना क्षेत्र में यमुना बीहड़ पटटी के कई गांवों में बीती रात सघन काबिंग की।
हाल में हुई कुछ घटनाओं से इलाके में नया डकैत गिरोह सक्रिय होने की आहट मिली है जिससे लोग बुरी तरह खौफजदा हैं। पांच दिन पहले चौथ और नैनापुर के बीच खिल्लू नाम के ग्रामीण से इस गिरोह ने खाने-पीने का सामान छुड़ा लिया था। उसके एक दिन पहले बदमाश जुगराजपुर के पास किसी दूध डेयरी से जबरन दूध ले गये थे।
किसान इसके कारण बुरी तरह भयभीत हैं और वे खेती का काम दिन में ही निपटाकर शाम ढलने के पहले ही घर पहुंच जाते हैं। स्थानीय पुलिस ने लोगों को सुरक्षा के लिए आश्वस्त करने के क्रम में रविवार की रात पारेन, बगावली, खेड़ा मुस्तकिल, रोमई मुस्तकिल आदि गांवों के बीहड़ों को छाना।
काबिंग का नेतृत्व कुठौंद के थानाध्यक्ष सुनील कुमार तिवारी ने किया। उनके साथ एसएसआई दौलतराम शाक्य, शंकरपुर चौकी इंचार्ज कमल प्रताप सिंह, उप निरीक्षक गजेंद्र सिंह, आरक्षीगण विजय प्रताप, रघुवंश प्रताप सिंह, अनिल यादव, सुदीप सिंह, राहुल यादव आदि भी रहे।

Leave a comment