उरई। कदौरा थाना क्षेत्र में चोरों का कहर जारी है। रविवार की रात तीन गांवों में कई घरों में हाथ साफ करके चोरों ने पुलिस के इकबाल की चूल्हें हिला दीं।
ग्राम सजैता में चोर रामगोपाल पाल के कोटे की दुकान का ताला तोड़कर 35 सौ रुपये नगद और जरूरी कागजात उठा ले गये। इसी गांव में प्रहलाद पाल के घर की कुंडी काटकर दाखिल हुए चोर 30 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवरात उठा ले गये।
ग्राम नजीरपुर में चोरों ने बालकिशुन, चंद्रभान और सुखराम तीन के घरों में घात लगाकर 1 लाख 80 हजार का माल पार कर दिया। ग्राम पथरेटा में चोर होरीलाल के घर से चार सोने के कंगन, जंजीर, मंगलसूत्र, अन्य जेवरात व 40 हजार रुपया नगद उठा ले गये। एक रात में इतनी ज्यादा वारदातों से पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई है। घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी सकते में आ गई है।

Leave a comment