उरई। नव विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में कमरा बंद करके फांसी लगा ली। परिवार के लोगों ने जैसे ही उसे फांसी पर झूलते देखा, हड़कंप मच गया। पुलिस के आने तक पति मौके से फरार हो चुका था मायके वाले मौके पर आ गये थे लेकिन उनकी ओर से कोई तहरीर समाचार लिखे जाने तक नही दी गई थी।
कुठौंद थाना अंतर्गत ग्राम करतलापुर में मिथुन पाल की पत्नी शशि (20वर्ष) ने मंगलवार को घर के अंदर फांसी पर झूलकर आत्महत्या कर ली। उसकी शादी को अभी एक वर्ष भी नही हुआ था। गत वर्ष 5 जून को मिथुन के साथ उसका विवाह हुआ था। उसकी एक माह की बच्ची भी है लेकिन इतने दिनों में ही ऐसा क्या हुआ जिससे दूध पीती बच्ची के मोह की भी उसने परवाह जान देते हुए भी नही की इसका कारण पता नही चल पाया है।
जानकारी मिलने पर जालौन के क्षेत्राधिकारी संजय शर्मा कुठौंद के थानाध्यक्ष सुनील तिवारी के साथ जांच के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होनें मृतका के पिता गोरा कलां महेवा निवासी रामकुमार से भी बातचीत की। रामकुमार ने शशि के पति मिथुन व उसके अन्य परिजनों के रवैये को लेकर असंतोष प्रकट किया लेकिन उन्होनें कोई लिखित शिकायत समाचार लिखे जाने तक पुलिस को नही दी थी। जिससे फिलहाल कोई मुकदमा कायम नही किया गया है। थानाध्यक्ष सुनील तिवारी ने बताया है कि शव का पंचनामा भरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। अगर मायके वाले कोई तहरीर देते है तो मामला कायम कर कार्रवाई की जायेगी।

Leave a comment