उरई। मंगलवार की सुबह कालपी में रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आकर होमगार्ड के जवान की घटनास्थल पर ही दर्दनाक तरीके से मौत हो गयी। सूचना पाकर कोतवाल तथा रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक होमगार्ड के परिजनों को धैर्य बंधाया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक उरकराकला गांव का निवासी चतुरसिंह पाल (57 वर्ष) नगर के मुहल्ला आलमपुर में कई वर्षो से निजी घर बनाकर परिवार समेत रह रहा था। चतुर सिंह होमगार्ड था और तहसील कालपी में ड्यूटी करता था। बताते हैं कि कई दिनों से वह बीमारी के कारण परेशान चल रहा था।
मंगलवार को सुबह जब वह ड्यूटी करके घर वापस जा रहा था तभी रेलवे लाइन को पार करने के दौरान वह पास में पटरियों से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह खबर जैसे ही उसके घर पहुंची परिजनों में कोहराम मच गया। उधर जीआरपी की कालपी चैकी की पुलिस ने चतुर सिंह का शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पत्नी तथा दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। गांव में उसकी मात्र 7-8 बीघा खेती है। जिसके कारण उसके परिवार के सामने जीवन यापन का संकट गहरा गया है।






Leave a comment