लखनऊ। मंगलवार को बलिया में भाजपा के सांसद राज्यपाल के कार्यक्रम में उन्हें समुचित सम्मान न मिलने से भड़क गये और उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ राज्यपाल के कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।
बलिया में सुखपुरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत सेंट जेवियर्स स्कूल के स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल रामनाइक और विधान सभा अध्यक्ष हदय नारायण दीक्षित मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। कार्यक्रम में भाजपा के लोकसभा सदस्य रविन्द्र कुशवाहा व राज्यसभा सदस्य सकलदीप राजभर भी आमंत्रित थे।
स्कूल प्रबंधन ने सांसदों के बैठने की व्यवस्था मंच पर करने की वजाय उन्हें दर्शक दीर्घा में बैठा दिया गया। जिससे दोनों सांसद नाराज हो गये। उनके साथ पार्टी के जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम से बाहर निकलने लगे। यह देखकर भी स्कूल प्रबंधन ने उन्हें मनाने की जरूरत नहीं समझी।
बाद में सांसद रविन्द्र कुशवाहा ने कहा कि मंच पर स्थान न देकर सांसदों को अपमानित किया गया है। जिसके लिए बलिया के डीएम और एसपी सीधे जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि इसे बर्दास्त नहीं किया जा सकता है।
शिखर पुरूषों पर सिर चढ़कर बोलता है कान्वेंट स्कूलों का ग्लैमर
भाजपा एक ओर महंगी फीस लेने वाले और खासकर ईसाई संस्कृति के कान्वेंट स्कूलों का विरोध करती है दूसरी ओर इसके शिखर पुरूष इन स्कूलों के कार्यक्रम में उपस्थित होने का अवसर मिलने पर अपने आप को धन्य समझते हैं। कान्वेंट स्कूलों के महिमा मंडन से इनका रूतबा बुलंदी पर है। जिससे सरकार फीस के मामले में इनकी मनमानी पर रोक नहीं लगा पा रही है। जिलों के अधिकारी भी इन स्कूलों में कृतार्थ होकर हाजिरी देते है। दूसरी ओर परिषदीय स्कूल जिसमें असली जनता के नौनिहाल पढ़ते हैं उपेक्षा के शिकार है। उनके कार्यक्रमों में जाने की जहमत न कोई महामहिम उठाना चाहता है और न ही प्रशासन के हाकिम।






Leave a comment