उरई। कदौरा थाना क्षेत्र में चोरों की चुनौती से पुलिस पस्त पड़ गई है। सोमवार की रात लगातार दूसरे दिन चोरों ने कदौरा थाने के एक गांव में एक साथ चार घरों को निशाना बनाया जिसमें लाखों रूपये के माल पर वे नगदी सहित हाथ साफ कर गये।
ग्राम उदनपुर में बीती रात चारों घरों में चोर गिरोह कुण्डी काटकर भीतर घुसा। गुड्डन यादव के घर में चोरों ने सोने चांदी के जेवरात और साढ़े नौ हजार रूपये नगद पार कर दिये। देवेश अहिरवार के घर लड़की की शादी होने वाली थी। जिसके लिए कुरारा मंडी में गल्ला बेचकर साढ़े तीन लाख रूपये उन्होंने घर में रखे हुए थे। उनकी बहू और विवाहित बेटी भी शादी में शामिल होने आयी थी। जिनका तमाम जेवर भी साढ़े तीन लाख रूपये की नगदी के साथ चोर उठा ले गये। जीतू अहिरवार के घर में भी चोरों ने जेवरात और बारह हजार रूपये पर हाथ साफ कर दिये। आखिरी में चोर प्यारे लाल यादव के घर में घुसे। लेकिन अजनबियों को देखकर उनकी भैंस भड़क गई और खूंटा तोड़कर दौड़ पड़ी जिसके कारण चोरों को थोड़ा बहुत सामान उठाकर खिसक जाना पड़ा।
जिन घरों में चोरी हुई है वे गांव के बाहरी हिस्से में हैं जहां तालाब है। चोर सामान निकालने के बाद इसी तालाब के किनारे बक्से फेक गये थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद में थानाध्यक्ष अशोक उपाध्याय ने मौका मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल पर साक्ष्य इकट्ठे किये हैं। टीम के एक सदस्य के मुताबिक कि चोर गिरोह में किसी महिला के शामिल होने का अनुमान फिंगर प्रिंट से हो रहा है। उधर क्षेत्र में लगातार चोरियों होने और उनका पर्दाफास करने में कामयाबी न मिलने से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश गहरा गया है।

Leave a comment