उरई। कस्बा जालौन में सूने घर का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये नगद तथा लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए गये। सुबह पड़ोसियों ने जब घर का ताला टूटा देखा तो चोरी का पता चला। पुलिस को भी जानकारी दे दी गई है। छानबीन की जा रही है।
जालौन कस्बे के मोहल्ला बापूसाहब में तहसील के कर्मचारी हिमांशु त्रिपाठी रामजी मिश्रा के मकान में किराये से रहते हैं। जबकि वे कानपुर देहात के झींझक के रहने वाले हैं। 16 अप्रैल को वे पत्नी के साथ घर में ताला डालकर झींझक चले गये थे। बुधवार को सुबह पड़ोसियों ने उनके घर के दरवाजे का ताला टूटा देखा तो मोबाइल से उन्हें खबर की। जिसके बाद हिमांशु आनन-फानन पत्नी के साथ जालौन आ गये।
उन्होंने देखा कि उनके घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था। सभी कमरों के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। 50 हजार रुपये नगद, सोने की चार चूड़ी, हार, अंगूठी तथा चांदी की पायले आदि सामान गायब था। हिमांशु जिस घर में रहते हैं उसके पास ही पंजाब नेशनल बैंक की शाखा है। जहां गार्ड की तैनाती रहती है। गर्मी के मौसम के कारण देर रात तक इस इलाके में चहल-पहल रहती है। इसलिए ऐसी जगह चोरी की घटना से पुलिस की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गये हैं। घटना की सूचना पर चौकी इंचार्ज शीतला प्रसाद मिश्रा ने मौका-मुआयना किया। बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने बताया कि घटना को लेकर आसपास के लोगों के अलावा हिमांशु के तहसील में कार्यरत एक साथी कर्मचारी से भी पूंछतांछ की जा रही है जो उनके एक रात घर लेटा था। उन्होंनें घटना का जल्द खुलासा कर देने का भरोसा दिलाया।






Leave a comment