उरई। दहेज के लिए विवाहिताओं के साथ दरिदंगी के मामलों की रोकथाम कानून की तमाम सख्ती के बावजूद नही हो पा रही। मंगलवार को एक युवती को दहेज की मांग के चलते ससुराल वालों ने इतनी बेरहमी से मारा कि वह मरणासन्न हो गई। उसकी हालत देखकर परिजन भाग निकले। बाद में पड़ोसियों से इसकी जानकारी युवती के पिता को मिली। उसने अपनी लड़की के पति, ससुर, सास, ननद, देवर व उसके मामा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस में प्रार्थना पत्र दे दिया है।
थाना जालौन के ग्राम औरेखी निवासी सुरेश प्रजापति ने रेढ़र पुलिस को दिये प्रार्थना पत्र में बताया कि 11 जून 2015 को उसने अपनी पुत्री रीता का विवाह उनके क्षेत्र के गांव कुठौंदा में देवेंद्र पुत्र परमानंद उर्फ छुन्ना के साथ किया था। विवाह में उसके द्वारा दिये गये उपहारों से रीता का पति और उसके घर के लोग संतुष्ट नही थे। इसलिए उन्होंने रीता पर मायके से दो लाख रुपये व चार पहिया वाहन और मंगाने के लिए दबाव डाला। जब मायके आने पर रीता ने रो-रोकर यह बात बताई और कहा कि वे लोग यह भी कह रहे थे कि अगर तुम्हारा बाप इतनी व्यवस्था नही कर पाया तो तुम्हारी हत्या करके हम अपने लड़के का दूसरा विवाह कर देगें।
सुरेश ने कहा कि इसकी वजह से डर के चलते उन्होंने डेढ़ वर्ष तक अपनी लड़की को ससुराल नही भेजा। गत 10 अप्रैल को उनका दामाद देवेंद्र उनके पास आया और उसने गांव, मोहल्ले वालों से उस काफी दबाव डलवाया और लड़की को कोई नुकसान न पहुंचने देने का भरोसा दिलाया तो उसने रीता की उसके साथ विदा कर दी।
सुरेश का कहना था कि देवेंद्र और उसके घर के लोग केवल विदा कराने के लिए चकमा दे रहे थे लेकिन रीता के ससुराल पहुंचते ही उन्होंने फिर से रीता पर अत्याचार शुरू कर दिये। 17 अप्रैल को देवेंद्र उसके पिता परमानंद उर्फ छुन्ना, सास रामशीला, ननद रीमा, देवर अरविंद व मामा पिंटू निवासी ग्राम डीहा ने मिलकर दो लाख रुपये और कार की मांग को लेकर क्रूरता पूर्वक रीता की पिटाई की। जिससे वह मरणासन्न हालत में पहुंच गई। उसके अचेत हो जाने पर ससुराल के सारे लोग उसे अपने हाल पर छोड़कर घर से भाग निकले। पड़ोसियों ने फोन करके उन्हें रीता की हालत की सूचना दी तो उन्होंने 100 नंबर पर फोन किया जिस पर रेढ़र की पुलिस मौके पर पहुंच गई। रीता की हालत देखकर पुलिस उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई जहां से हालत गंभीर होने के कारण रीता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अभी भी उपचार के दौरान रीता की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर रेढ़र के थानाध्यक्ष ने कहा कि सुरेश प्रजापति की तहरीर पर उचित कार्रवाई की जायेगी।






Leave a comment