उरई। जिले में चोरों के गिरोह हर रोज कहीं न कहीं वारदातें करके पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं लेकिन घटनाएं रुकने का नाम नही ले रही हैं। जालौन कोतवाली क्षेत्र में बीती रात फिर चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर लाखों का माल पार कर दिया।
बुधवार को देर रात जालौन कस्बे के मोहल्ला गणेशजी में अनिल कुमार अग्रवाल उर्फ अन्नी इलाज कराने के लिए पत्नी के साथ पुणे गये थे। चोरों ने घर सूना होने का फायदा उठाते हुए ताला तोड़ दिया और भीतर घुसकर अलमारी तिजोरी आदि तोड़कर उसमें रखा सामान उठा ले गये। मोहल्ले वालों ने इसकी सूचना फोन से गृहस्वामी को दे दी है पर घर का कोई सदस्य न होने से यह जानकारी नही हो पा रही है कि करीब कितने के सामान की चोरी हुई है।
एक अन्य वारदात में मोहल्ला हृदयशाह बजरिया में चोरों ने अशोक राठौर के सूने मकान को निशाना बनाया और लगभग 35 हजार रुपये का सामान, नगदी सहित ले गये। ध्यान रहे कि इसके एक दिन पहले ही मंगलवार की रात चोर पंजाब नेशनल बैंक के पास एक घर से नगदी सहित लगभग दो लाख रुपये का सामान पार कर ले गये थे फिर भी पुलिस सतर्क नही हुई। पुलिस की इस नाकामी से लोगों में असुरक्षा के साथ आक्रोश भी गहरा रहा है।

Leave a comment